सारण में बाढ़ से निपटने के लिए तैयारी तेज

WhatsApp Channel Join Now
सारण में बाढ़ से निपटने के लिए तैयारी तेज


सारण में बाढ़ से निपटने के लिए तैयारी तेज


सारण, 30 मई (हि.स.)। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए सारण जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।

शनिवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से रिविलगंज प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मस्थली सिताबदियारा का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कटाव निरोधी कार्यों का जायजा लिया और सुरक्षात्मक उपायों को समय सीमा के भीतर पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया।

डीएम ने कार्यपालक अभियंता को रविवार से ही पर्याप्त जियो बैग, बालू की बोरियां और क्रेट का आपातकालीन भंडारण सुनिश्चित करने तथा नदी के जल स्तर पर 24 घंटे पैनी नजर रखने को कहा है।

सिताबदियारा की विशिष्ट भौगोलिक स्थिति को देखते हुए, बाढ़ और कटाव की साझा चुनौती से निपटने के लिए सदर एसडीओ और एसडीपीओ को उत्तर प्रदेश प्रशासन के साथ तत्काल समन्वय बैठक कर संयुक्त कार्ययोजना बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, एसएसपी ने स्थानीय पुलिस को राहत शिविरों की सुरक्षा व कानून व्यवस्था के लिए मुस्तैद रहने का निर्देश दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story