जनगणना-2027 की तैयारी तेज, पोठिया में 37 क्षेत्र पदाधिकारियों को मिला प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना-2027 की तैयारी तेज, पोठिया में 37 क्षेत्र पदाधिकारियों को मिला प्रशिक्षण


किशनगंज, 17 जुलाई (हि.स.)। भारत की जनगणना-2027 के सफल आयोजन की तैयारियों के तहत शुक्रवार को पोठिया प्रखंड में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के लिए डेटा संग्रहण कार्य से जुड़े 37 नामित क्षेत्र पदाधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर समाहर्ता-सह-वरीय पदाधिकारी, जिला जनगणना कोषांग ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता ने कहा कि जनगणना-2027 देश की सबसे महत्वपूर्ण एवं व्यापक सांख्यिकीय प्रक्रियाओं में से एक है। इसकी सफलता के लिए सटीक, प्रमाणिक और गुणवत्तापूर्ण आंकड़ों का संग्रह अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी क्षेत्र पदाधिकारियों को प्रशिक्षण के दौरान दिए गए दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर त्रुटिरहित डेटा संकलित करने का निर्देश दिया। प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के लिए आवश्यक विभिन्न प्रकार के आंकड़ों के संग्रहण, सत्यापन, अभिलेखीकरण तथा प्रतिवेदन तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही संबंधित प्रपत्रों को सही ढंग से भरने, विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा आंकड़ों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के संबंध में भी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

मास्टर प्रशिक्षक ने बताया कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका दो भागों ग्राम निर्देशिका/नगर निर्देशिका तथा प्राथमिक जनगणना सार में तैयार की जाएगी। ग्राम एवं नगर निर्देशिका के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा, पेयजल एवं स्वच्छता, बैंकिंग, संचार, विद्युत, भूमि उपयोग, सिंचाई, प्रमुख कृषि उत्पाद, विनिर्माण एवं हस्तशिल्प, नागरिक सुविधाएं तथा मलिन बस्तियों से संबंधित आंकड़ों का संग्रह किया जाएगा। इसके लिए 31 दिसंबर 2025 को संदर्भ तिथि निर्धारित की गई है। अपर समाहर्ता ने सभी संबंधित पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करने की अपील की, ताकि भारत की जनगणना-2027 के सफल आयोजन में किशनगंज जिले की प्रभावी एवं सशक्त भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जनगणना कार्य निदेशालय के मास्टर ट्रेनर, पोठिया प्रखंड के नामित क्षेत्र पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story