सारण के 20 प्रखंडों में सब्जी के किसानों को पीवीसीएस से जोड़ने की तैयारी
सारण, 06 अगस्त (हि.स.)। सहकारिता विभाग के अंतर्गत बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी परिसंघ लिमिटेड की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज हुई। इस बैठक में जिले के सभी 20 प्रखंडों में गठित प्राइमरी वेज कोऑपरेटिव सोसाइटी की अद्यतन प्रगति एवं संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का विस्तृत जायजा लिया गया।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ नीना झा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक पीवीसीएस को आवश्यक उपकरणों की खरीद हेतु 98,800 रुपए उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जो अब तक 10 प्रखंडों को हस्तांतरित किए जा चुके हैं। सदस्यता अभियान के तहत 06 मार्च 2026 तक 40,388 सब्जी उत्पादक किसानों को जोड़ा गया है। जिलाधिकारी ने जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले के शेष सभी पंजीकृत किसानों को पीवीसीएस से जोड़ने हेतु विशेष अभियान चलाएं।
बैठक में 10,000 वर्गफुट भूमि पर 1.14 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से बनने वाले आधारभूत ढांचे जिसमें गोदाम, कोल्ड स्टोरेज, मार्केट यार्ड और 'अपना मंडी' प्लेटफॉर्म शामिल हैं, अंचलाधिकारियों को तुरंत उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा 13.05 लाख रुपए की लागत वाली 50 मीट्रिक टन क्षमता की प्याज भंडारण योजना तथा 7.44 लाख रुपए लागत वाले तरकारी आउटलेट के क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ योजनाओं का शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता सहित सहकारिता एवं कृषि विभाग के सभी अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

