श्रावणी मेला की तैयारी में जुटा प्रशासन,बाबा मटेश्वर धाम में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
श्रावणी मेला की तैयारी में जुटा प्रशासन,बाबा मटेश्वर धाम में व्यवस्थाओं का लिया जायजा


सहरसा, 07 जुलाई (हि.स.)।

आगामी श्रावणी मेला को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई है।

अनुमंडल पदाधिकारी आलोक राय एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार ठाकुर ने मंगलवार को सिमरी बख्तियारपुर के कांठो स्थित बाबा मटेश्वर धाम पहुंचकर श्रावणी मेला की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नवगठित मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक कर मेला की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने कहा कि श्रावणी मेला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना रहती है। ऐसे में सभी विभागों के संयुक्त प्रयास से बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।एसडीएम आलोक राय ने संबंधित विभागों एवं न्यास समिति के सदस्यों को समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए प्रभावी भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया।

बैठक में न्यास समिति के उपाध्यक्ष मुन्ना भगत, सचिव संतोष कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष कृष्ण कन्हैया खेतान, सदस्य सह मुखिया संजीव जायसवाल, मिलन सिंह, फुलेश्वर रजक, धीरेन्द्र राय, जगधर यादव, अनिल यादव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने श्रावणी मेला को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने को लेकर अपने-अपने सुझाव भी दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story