मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारी तेज
भागलपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित भागलपुर दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इसी क्रम में जिले के गोराडीह थाना क्षेत्र स्थित कार्यक्रम स्थल का नगर पुलिस अधीक्षक अतुल कुमार झा ने शनिवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, वीआईपी मूवमेंट, प्रवेश एवं निकास मार्ग समेत अन्य आवश्यक तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया। इस अवसर पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को कार्यक्रम के सफल एवं सुरक्षित आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
साथ ही सभी तैयारियों को समयबद्ध, प्रभावी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने का निर्देश भी दिया गया। पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने की बात कही है। वहीं भागलपुर गोराडीह सड़क मार्ग पर जगह जगह हुए गड्ढे की भराई का काम भी शुरू हो गया है। लोगों का कहना है, कि बीते एक माह से सड़क खराब है। लेकिन इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सड़क को ठीक किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

