राजीव गांधी की सुरक्षा हटाने के दावे पर भड़की भाजपा, प्रीति शेखर ने कांग्रेस को ही घेरा

WhatsApp Channel Join Now
राजीव गांधी की सुरक्षा हटाने के दावे पर भड़की भाजपा, प्रीति शेखर ने कांग्रेस को ही घेरा


भागलपुर, 26 नवंबर (हि.स.)।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा अपने पिता एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या से पूर्व उनकी सुरक्षा जानबूझकर हटाए जाने संबंधी दावे के बाद देश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। भागलपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा बिहार की प्रदेश महामंत्री सह प्रदेश प्रवक्ता प्रीति शेखर ने राहुल गांधी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी और इस पूरे मामले में कांग्रेस को ही कठघरे में खड़ा किया।

प्रीति शेखर ने कहा कि जिस समय पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या हुई थी, उस वक्त केंद्र में कांग्रेस की ही सरकार थी। ऐसे में राहुल गांधी और सोनिया गांधी को दूसरों पर उंगली उठाने के बजाय अपनी ही पार्टी के तत्कालीन नेतृत्व से जवाब मांगना चाहिए। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े हर पहलू का जवाब कांग्रेस के तत्कालीन शीर्ष नेतृत्व और सरकार को देना चाहिए।

राहुल गांधी के दावे पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी संवेदनशील मुद्दे पर बयान देने से पहले तथ्यों को जनता के सामने रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश की जनता भी यह जानने का हक रखती है कि आखिर उस समय राजीव गांधी की सुरक्षा व्यवस्था में क्या बदलाव किए गए थे और उसके पीछे क्या ठोस कारण थे।

प्रीति शेखर ने कहा कि राजीव गांधी की हत्या देश के इतिहास की एक अत्यंत दुखद घटना है। इस गंभीर विषय से जुड़े सवालों पर सस्ती राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय स्पष्ट और तथ्यात्मक जवाब सामने आने चाहिए, ताकि देश के सामने सच्चाई स्पष्ट हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story