बक्सर के किला मैदान में परेड पूर्वाभ्यास का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, तैयारियों को समय पर पूरा करने का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
बक्सर के किला मैदान में परेड पूर्वाभ्यास का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, तैयारियों को समय पर पूरा करने का निर्देश


बक्सर, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने किला मैदान पहुंचकर स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों एवं परेड के पूर्वाभ्यास का संयुक्त निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने परेड में शामिल विभिन्न दलों के मार्च-पास्ट, कदमताल, अनुशासन, वेशभूषा एवं आपसी समन्वय का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परेड एवं समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं।

निरीक्षण के दौरान मुख्य समारोह स्थल पर मंच, बैरिकेडिंग, दर्शक दीर्घा, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, ध्वनि प्रसारण तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया।

एसपी ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए समारोह स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, प्रवेश-निकास मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात संचालन को लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने समारोह के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

डीएम साहिला ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और सम्मान का पर्व है। ऐसे में समारोह की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल एवं गरिमा के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि समारोह स्थल पर स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत सहित किसी भी आवश्यक सुविधा में कमी नहीं रहनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story