सुल्तानगंज से बाबा धाम के लिए पैदल निकले सांसद गोपाल जी ठाकुर, पीएम मोदी की दीर्घायु के लिए उठाई कांवर
भागलपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। कच्ची कांवरिया पथ पर इन दिनों शिवभक्तों की आस्था का अटूट सैलाब उमड़ रहा है। सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर बड़ी संख्या में कांवरिया पैदल बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर कूच कर रहे हैं। इसी भक्तिमय माहौल के बीच दरभंगा से भारतीय जनता पार्टी के सांसद गोपाल जी ठाकुर भी बाबा भोलेनाथ की शरण में कांवर यात्रा पर निकले हैं। सांसद को अपने सहयोगियों के साथ कंधे पर कांवर लेकर पैदल बाबा धाम की ओर जाते देख आम श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। सांसद गोपाल जी ठाकुर ने सुल्तानगंज के पवित्र गंगा घाट पर पूरे विधि-विधान से जल भरा और बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए अपनी पैदल यात्रा की शुरुआत की।
मौके पर सुल्तानगंज के स्थानीय थानाध्यक्ष विपुल कुमार और एसआई शंभू पासवान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। करीब 105 किलोमीटर लंबी यह कठिन कांवर यात्रा मुंगेर के प्रसिद्ध कच्ची कांवरिया पथ से होकर गुजरेगी, जिसे सांसद और उनके सहयोगी पैदल ही तय करेंगे। यात्रा के दौरान सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा, मैं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और समस्त देशवासियों के जनकल्याण की मंगलकामना को लेकर बाबा बैद्यनाथ की यात्रा पर निकला हूँ।
उन्होंने आगे कहा कि मन में दृढ़ संकल्प और कंधे पर कांवर लेकर वह बाबा धाम पहुंचेंगे और भगवान शिव से देश की खुशहाली, प्रगति और प्रधानमंत्री की लंबी उम्र के लिए विशेष प्रार्थना करेंगे। कच्ची कांवरिया पथ पर जब आम लोगों और अन्य कांवरियों को यह पता चला कि उनके बीच से एक जनप्रतिनिधि पैदल यात्रा कर रहे हैं, तो हर कोई उनके दर्शन और स्वागत के लिए उत्सुक नजर आया। धार्मिक आस्था के साथ-साथ राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े एक बड़े नेता का इस तरह आम शिवभक्तों की तरह पैदल यात्रा करना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी उनकी इस यात्रा की तस्वीरें तेजी से सुर्खियां बटोर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

