प्रशांत किशोर ‘एक्सीडेंटल विधायक’, चुपचाप लड़ें चुनाव: शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी

WhatsApp Channel Join Now
प्रशांत किशोर ‘एक्सीडेंटल विधायक’, चुपचाप लड़ें चुनाव: शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी


भागलपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। कोसी स्नातक क्षेत्र विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस सिलसिले में महागठबंधन प्रत्याशी डॉ. एनके यादव के पक्ष में आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल होने बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी मंगलवार को भागलपुर पहुंचे। भागलपुर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए शिक्षा मंत्री ने जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला और उन्हें ‘एक्सीडेंटल विधायक’ करार दिया। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने प्रशांत किशोर पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को प्रशांत किशोर ने नहीं बनाया है। इसलिए उन्हें चुपचाप चुनाव लड़ना चाहिए और बयानबाजी से बचना चाहिए।

मंत्री ने प्रशांत किशोर की राजनीतिक हैसियत पर सवाल उठाते हुए उन्हें जमीन पर रहकर राजनीति करने की सलाह दी। पूर्व विधायक अनंत सिंह को लेकर हाल ही में दिए गए बयानों पर जब शिक्षा मंत्री से सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इस पर ज्यादा टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। शिक्षा मंत्री ने इसे बेहद संजीदा और पारिवारिक मामला बताते हुए कहा कि इस तरह के विषयों को परिवार के भीतर ही देखा जाना चाहिए, राजनीतिक मंचों पर नहीं। चुनाव परिणामों को लेकर पूरी तरह आश्वस्त दिख रहे शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा दावा किया है।

उन्होंने कहा कि बिहार में होने जा रहे विधान परिषद के इन चुनावों में महागठबंधन पूरी मजबूती के साथ लड़ रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य की सभी आठ सीटों पर महागठबंधन के प्रत्याशियों की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित होगी। इस संवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के कई प्रमुख नेता, कार्यकर्ता और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764025 Articles

Share this story