प्राक्कलन समिति की बैठक में बक्सर विधायक आनंद मिश्र ने उठाए विकास के मुद्दे

WhatsApp Channel Join Now
प्राक्कलन समिति की बैठक में बक्सर विधायक आनंद मिश्र ने उठाए विकास के मुद्दे


बक्सर, 19 अगस्त (हि.स.)। बिहार विधानसभा की प्राक्कलन समिति की बैठक बुधवार को वैशाली परिसदन में आयोजित हुई। बैठक में बक्सर सदर विधायक एवं प्राक्कलन समिति के सदस्य आनंद मिश्र शामिल हुए। इस दौरान विधायक ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा की तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा कराने पर जोर दिया।

विधायक ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक के बाद विधायक आनंद मिश्र एवं समिति के अन्य सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वैशाली परिसदन परिसर में नीम के पौधों का रोपण किया।

इसके उपरांत समिति के सदस्यों के साथ विधायक ने गंगा-गंडक के पावन संगम के समीप कोनहारा घाट स्थित 18वीं सदी के ऐतिहासिक नेपाली छावनी मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। मंदिर की प्राचीन स्थापत्य कला एवं वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए समिति ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को इसके जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विधायक ने ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story