आशाकर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर समाहरणालय में किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
आशाकर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर समाहरणालय में किया प्रदर्शन


अररिया 06 अक्टूबर(हि.स.)। आशा दीदी और आशा फैसिलिटेटरों ने मंगलवार को अपनी मांगों के समर्थन में समाहरणालय गेट पर निर्देशन किया।मौके पर जिले से बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता समाहरणालय गेट पर जमा हुईं और अपने मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद आशा कर्मियों का एक प्रतिनिधिमंडल डीएम से भेंटकर सात सूत्री मांगों का एक ज्ञापन सौंपा।

आशा कार्यकर्ताओं ने बकाया प्रोत्साहन राशि का तुरंत भुगतान करने की मांग की। उन्होंने राशि भुगतान में पारदर्शिता बरतने और किस मद में कितनी राशि भेजी गई है, इसका स्पष्ट उल्लेख करने की मांग भी रखी।आशा कार्यकर्ताओं ने आभा कार्ड, एनसीडी और एनीमिया मरीजों की खोज जैसे कामों का अतिरिक्त बोझ सिर्फ आशा कार्यकर्ताओं पर नहीं डालने की मांग की। उन्होंने इन कार्यों में प्रशिक्षित एएनएम, सीएचओ और डाटा ऑपरेटर को भी लगाने की बात कही। आधार कार्ड को उम्र का आधार मानकर सेवानिवृत्ति रोकने की मांग की। साथ ही पहले की गई सेवानिवृत्तियों की जांच कर योग्य कर्मियों को वापस लेने की मांग रखी।

आशा फैसिलिटेटरों ने अपनी सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष करने की मांग की। इसके अलावा केंद्र सरकार द्वारा घोषित मानदेय बढ़ोतरी को लागू कराने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्ताव भेजने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story