वर्षों से जलजमाव झेल रहे ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
वर्षों से जलजमाव झेल रहे ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन


अररिया 15 जून(हि.स.)। नरपतगंज प्रखंड के भंगही पंचायत के मिल्की डुमरिया वार्ड संख्या आठ के ग्रामीणों ने जल जमाव और बदहाल सड़क निर्माण को लेकर सोमवार को प्रदर्शन किया।

वार्ड संख्या आठ स्थित सत्संग भवन के समीप करीब दो सौ मीटर सड़क वर्षों से बदहाल है। सड़क बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गया है, जिसके कारण जल जमाव की समस्या सालों भर बनी रहती है। जिसके कारण आमजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

सोमवार को बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व शिक्षक मिट्ठू कुमार यादव ने किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क वर्षों से जर्जर पड़ी है, लेकिन आज तक किसी जनप्रतिनिधि या संबंधित विभाग ने इसकी सुध नहीं ली। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में हमेशा पानी भरा रहता है, जिससे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। कई बार बाइक सवार और राहगीर दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

मिट्ठू कुमार यादव ने बताया कि यह सड़क आसपास के गांव के लोगों के लिए मार्ग है। जलजमाव के कारण कई बार लोगों को पानी हेलकर अपने गंतव्य तक जाना पड़ता है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब सड़क और गड्ढे का अंतर समझना मुश्किल हो जाता है।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सड़क निर्माण की मांग की।

शिक्षक मिट्ठू कुमार यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तीस दिनों के भीतर सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीण चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।

उन्होंने कहा कि कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला।

ग्रामीणों ने मांग की कि सड़क का शीघ्र निर्माण कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में जलजमाव की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।

प्रदर्शन में रौशन कुमार, हीरा देवी, पंकज यादव, प्रेमचंद यादव, मनीष यादव, बब्लू यादव, पंकू यादव, सचिन कुमार शर्मा, राहुल कुमार दास, संतोष यादव, मुकेश यादव सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story