ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ किया प्रदर्शन


अररिया 28 अप्रैल(हि.स.)।जिले के नरपतगंज के उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय बरदाहा में मंगलवार को ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन विशेषकर स्कूल की प्रधानाध्यापिका के खिलाफ घंटों प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान विभागीय पदाधिकारी से जांच कर कार्रवाई की मांग की, प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापिका पर कई तरह के गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे मुखिया एकलव्य सिंह, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि संतोष यादव आदि ने ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण जांच कर कार्रवाई का मांग करते रहे।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय बरदाहा की प्रधानाध्यापिका फरीदा खातून लगातार स्कूल से अनुपस्थित रहती है। उनके पति के द्वारा संचालन किया जाता है, जबकि विद्यालय में अक्सर चावल चोरी की बात कह कर एमडीएम में अनियमितता बरती जा रही है। छात्र-छात्राओं के विद्यालय परित्याग प्रमाण पत्र के नाम पर अवैध वसूली, विद्यालय शिक्षा समिति गठन फर्जी तरीके से करने सहित कई तरह के गम्भीर आरोप लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि अगर विभाग द्वारा जांच कर कार्रवाई नहीं किया गया तो सभी लोग एकजुट होकर उग्र आंदोलन करेंगे।

मामले को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापिका फरीदा खातून ने बताया कि ग्रामीण द्वारा लगाए गए सभी आरोप बुनियाद है।राजनीति से प्रेरित होकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी बीइओ सह डीपीओ रोहित कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, प्रधानाध्यापिका पर लगाए गए आरोप की जांच की जाएगी, दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story