बिजली आपूर्ति व ग्रिड निर्माण में लाएं तेजी, स्मार्ट मीटर एजेंसियों की मनमानी पर हो कार्रवाई: तारकिशोर प्रसाद

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 13 जुलाई (हि.स.)। पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कटिहार जिला विद्युत समिति की बैठक में बिजली विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिले में निर्माणाधीन पावर सब-स्टेशनों का काम तय समय पर पूरा करने, किसानों को कृषि फीडर से निर्बाध बिजली देने और स्मार्ट मीटर के नाम पर ग्रामीणों का दोहन करने वाली एजेंसियों पर कड़ी कार्रवाई कर उन्हें कार्यमुक्त करने की मांग की है।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कटिहार विधानसभा क्षेत्र के सिरनिया, दलन और महानंदा कॉलोनी के पास निर्माणाधीन पावर सब-स्टेशनों का काम जल्द पूरा किया जाए, ताकि पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति सामान्य हो सके। ग्रिड स्टेशन के निर्माण में हो रहे भारी विलंब पर चिंता जताते हुए उन्होंने जिलाधिकारी से इसके लिए भू-अर्जन का कार्य शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया।

वर्तमान में मौसम के बदलते मिजाज और बारिश न होने (अनावृष्टि) की समस्या का जिक्र करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीफ मौसम में कृषि फीडर में हर हाल में बिजली आपूर्ति चालू रखी जाए, ताकि किसानों को धान की रोपनी करने में कोई परेशानी न हो। साथ ही, उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाने वाली एजेंसियों की मनमानी पर रोक लगाने और दोषी एजेंसियों पर कार्रवाई कर उन्हें कार्यमुक्त करने को कहा।

बैठक के दौरान तारकिशोर प्रसाद ने बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए कुछ अन्य अहम निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि हर साल जनवरी से मार्च के बीच वन विभाग के सहयोग से पेड़ों की टहनियों की छंटाई कर ली जाए, ताकि आंधी-बारिश में पेड़ गिरने से उपकरणों की क्षति और बिजली आपूर्ति बाधित न हो। इसके अलावा बांस-बल्ले के सहारे चल रही खतरनाक बिजली आपूर्ति को तुरंत बंद कर, वहां विधिवत बिजली के पोल और तार लगाने तथा सभी क्षेत्रों में ओवरलोड के अनुसार जल्द से जल्द नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने का निर्देश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story