बक्सर पावर प्लांट के पास बनारपुर में ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत
बक्सर, 31 मार्च (हि.स.)। बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बनारपुर गांव में मंगलवार दोपहर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। यह वारदात बक्सर ताप बिजली घर परियोजना के पास शिव मंदिर के समीप करीब एक बजे हुई, जब अचानक गोलियों की आवाज से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे।
हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, जिससे पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की गई। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय, एफएसएल टीम और मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अब तक कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि यह इलाका पहले से ही संवेदनशील रहा है। पिछले वर्ष चौसा पावर प्लांट के गेट पर राजद नेता अर्जुन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि अक्तूबर 2024 में अशोक तिवारी की हत्या हुई थी। इन घटनाओं के कारण बनारपुर क्षेत्र पुलिस की निगरानी में बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा

