साले को गोली मारने वाला चचेरा जीजा गिरफ्तार, देशी पिस्टल व कारतूस बरामद
कटिहार, 21 नवंबर (हि.स.)। पोठिया थाना क्षेत्र के टिकापट्टी चांदपुर में बीते 13 नवंबर को हुए गोलीकांड का कटिहार पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-02 के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी टीम (एसआईटी) ने वैज्ञानिक अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर घटना में संलिप्त मुख्य अभियुक्त रितेश कुमार मंडल (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र अंतर्गत कहलगांव टोला निवासी गूंजण कुमार (24 वर्ष) टिकापट्टी चांदपुर स्थित अपनी बहन के घर आए हुए थे। इसी दौरान उनके चचेरे जीजा रितेश कुमार मंडल (पिता- स्व. प्रभुदयाल मंडल, निवासी- टिकापट्टी, थाना- पोठिया) ने उन्हें गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है। इस संबंध में पोठिया थाना में कांड संख्या 295/26 दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-02 के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया, जिसने त्वरित छापेमारी कर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त रितेश कुमार मंडल का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध पोठिया थाना में वर्ष 2012 में हत्या और आर्म्स एक्ट (कांड संख्या 349/12, धारा 303(2)/34 भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट) का मामला दर्ज है, जिसमें वर्ष 2013 में आरोप पत्र भी समर्पित किया जा चुका है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रतर कानूनी कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

