एसपी ने पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
अररिया, 18 अक्टूबर(हि.स.)। एसपी जितेन्द्र कुमार ने अररिया समेत फारबिसगंज में विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।एसपी ने पूजा पंडाल में विधि व्यवस्था संधारण में लगे पुलिस अधिकारियों और बलों को सुरक्षा व्यवस्था के साथ भीड़ और ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
उन्होंने प्रशासन की ओर से भीड़ के साथ विधि व्यवस्था को लेकर प्रत्येक पूजा पंडालों में लगे सीसीटीवी कैमरा का मुआयना भी किया।अररिया में जहां एसपी के साथ सदर एसडीपीओ सुशील कुमार,ट्रैफिक डीएसपी तरुण कुमार पांडेय के साथ स्थानीय थाना के पुलिस अधिकारी साथ थे।वहीं फारबिसगंज में उनके साथ एसडीपीओ राजकिशोर कुमार के साथ फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार साथ थे।एसपी ने एसडीपीओ और थानाध्यक्ष और पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
मौके पर एसपी ने बताया कि अररिया जिला पुलिस के अधिकारी और बल प्रत्येक पूजा पंडालों में चौबीस घंटे तैनात हैं।उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के पूरी तरह दुरुस्त रहने का दावा किया।सीसीटीवी कैमरा की चौबीसों घंटे निगरानी रखने, पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और वॉलेंटियर्स की तैनाती को लेकर निर्देशित किये जाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाया जाय,इसको लेकर प्रशासन सजग और सक्रिय है।पूजा पंडालों के साथ चौक चौराहों और बाजार में भी पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है,ताकि पुलिस बल भीड़ नियंत्रण के साथ यातायात को सुचारू रखने की दिशा में सार्थक कार्य कर सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

