पोलियो कार्यक्रम की तैयारी को लेकर निर्मली में प्रखंड समन्वय समिति की बैठक
सुपौल, 17 जून (हि.स.)।
आगामी 28 जून से 2 जुलाई तक चलने वाले पल्स पोलियो कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी आरुषि शर्मा निर्मली की अध्यक्षता में प्रखंड समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पोलियो अभियान को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रखंड प्रमुख राम प्रवेश कुमार यादव ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग मिलेगा।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि पोलियो कार्यक्रम से पहले सभी टीम, पर्यवेक्षक एवं कर्मियों का प्रशिक्षण पूरा कर लिया जाए।
अभियान में प्रशिक्षित कर्मियों को ही जिम्मेदारी दी जाए। साथ ही जिन कर्मियों का भुगतान लंबित है, उनका भुगतान अभियान शुरू होने से पहले सुनिश्चित किया जाए।बैठक में नियमित टीकाकरण, एनीमिया मुक्त भारत अभियान एवं एचपीवी टीकाकरण की प्रगति पर भी चर्चा हुई। सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने और सही समय पर रिपोर्टिंग करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में निर्मली एसडीएच उपाधीक्षक डॉ. शैलेन्द्र कुमार, सीडीपीओ रंजना कुमारी, बीआरपी आलोक कुमार, एलएस, बीएचएम, बीएमई निर्मली सहित कई अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

