सारण में चार थानों की पुलिस ने घेराबंदी कर दो स्पिरिट तस्करों को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सारण में चार थानों की पुलिस ने घेराबंदी कर दो स्पिरिट तस्करों को किया गिरफ्तार


सारण, 07 अगस्त (हि.स.)। जिले में शराब और स्पिरिट माफियाओं के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशन और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मढ़ौरा दो के नेतृत्व में चलाई गई संयुक्त छापेमारी में दो स्पिरिट कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है।

इस कार्रवाई में इसुआपुर, मशरक, तरैया और मढ़ौरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिजय राय ग्राम चकिया, तरैया और प्रदीप राय ग्राम भुआलपुर, मढ़ौरा के रूप में हुई है। बिजय राय तरैया थाना कांड संख्या-205/26 तथा प्रदीप राय मढ़ौरा थाना कांड संख्या-656/26 का मुख्य वांछित आरोपित है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। बिजय राय पर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत तरैया व परसा थाने में कुल पंद्रह मामले दर्ज हैं। वहीं, प्रदीप राय पर मढ़ौरा थाने में आर्म्स एक्ट और मारपीट समेत दो मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। क्षेत्र में स्पिरिट तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story