लगातार चौथे दिन राघोपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 360 लीटर से अधिक शराब बरामद एक तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
लगातार चौथे दिन राघोपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 360 लीटर से अधिक शराब बरामद एक तस्कर गिरफ्तार


सुपौल, 13 सितंबर (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लगातार चौथे दिन बड़ी कार्रवाई की है। नगर पंचायत सिमराही के गांधीनगर वार्ड नंबर-08 में छापेमारी कर पुलिस ने एक घर के पीछे स्थित स्टोर रूम से अलग-अलग ब्रांड की 360 लीटर 120 एमएल विदेशी शराब बरामद की।

मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांधीनगर वार्ड नंबर-08 निवासी सौरभ आनंद उर्फ लल्लू प्रधान (32) के रूप में हुई है।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांधीनगर में एक घर में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने घर पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति पीछे की ओर से भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस बल ने पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान घर के पीछे शौचालय के बगल स्थित स्टोर रूम से शराब से भरे कार्टून बरामद किए गए। बरामद शराब में ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की की आठ पेटियां, हेवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रांग बीयर की 15 पेटियां और रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की की 10 पेटियां शामिल हैं।

इसके अलावा मास्टर ब्लेंडर्स सिग्नेचर प्रीमियर ग्रेन व्हिस्की, स्नोस्की सुप्रीम क्राफ्टेड वोदका, सीग्राम्स ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की और बकार्डी लिमोन की बोतलें भी बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की बोतलों पर पश्चिम बंगाल में बिक्री के लिए होने का उल्लेख है।

इससे शराब की खेप को अवैध तरीके से बिहार लाकर खपाए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में राघोपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शराब के अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story