पुलिस सप्ताह कार्यक्रम में डीआईजी ने बच्चों को किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस सप्ताह कार्यक्रम में डीआईजी ने बच्चों को किया सम्मानित


बक्सर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार पुलिस सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को डुमरांव थाना परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें डीआईजी सत्यप्रकाश व आरक्षी अधीक्षक शुभम आर्य ने क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए पुलिस-पब्लिक मैत्री को मजबूत बनाने का संदेश दिया।

क्विज प्रतियोगिता में 17 जोड़ियों के कुल 34 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में 170 प्रश्न पूछे गए, प्रत्येक प्रश्न एक अंक का था और गलत उत्तर पर नेगेटिव मार्किंग भी थी। रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में सभी टीमों ने सराहनीय प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आयुषी-अंशु की जोड़ी ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान अंशिका-अनुष्का और तृतीय स्थान शुभांगी-मुस्कान की जोड़ी को मिला।

उल्लेखनीय है कि शीर्ष तीनों स्थान छात्राओं ने हासिल किए। डीआईजी ने विजेताओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं, जबकि अन्य प्रतिभागियों को एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने मेडल प्रदान किए।

डीआईजी ने डुमरांव थाना का वार्षिक निरीक्षण भी किया। जिसमे विधि-व्यवस्था, लंबित मामलों, अभिलेख संधारण और अपराध नियंत्रण की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए तथा होली के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा

Share this story