शोरूम से चोरी हुई कार बरामद,एसपी समेत टीम को किया गया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
शोरूम से चोरी हुई कार बरामद,एसपी समेत टीम को किया गया सम्मानित


अररिया 23 फरवरी(हि.स.)। अररिया के महादेव चौक पुराने बस स्टैंड के समीप स्थित टाटा कंपनी के शोरूम कोसी कार्स से चार दिन पहले शटर तोड़कर चोरी किए गए कार को पुलिस ने बरामद कर लिया है।

एसपी जितेन्द्र कुमार की ओर से गठित एसआईटी ने पारंपरिक सूचना के साथ तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी कैमरा के फुटेज की सूक्ष्मता के साथ विश्लेषण करते हुए न केवल गिरोह की पहचान करने में कामयाबी हासिल की, बल्कि चोरी हुई दोनों नई कार को भी पूर्णिया के डगरूआ और अररिया के कुसियारगांव से बरामद कर लिया। वहीं अन्य कर्मचारी की चोरी हुई कार को घटना के दिन हो शोरूम के पश्चिम एनएच कर लावारिश अवस्था में बरामद किया गया था।

शोरूम से चोरी हुई दोनों कार की बरामदगी होने पर शोरूम की ओर से सोमवार को पुलिस सम्मान समारोह आयोजित कर एसपी समेत टीम में शामिल सभी सदस्यों को शॉल ओढ़ाकर और बुके प्रदान कर सम्मानित किया। शोरूम के मालिक मनोज पटोदिया और मैनेजर हेमंत कुमार ने एसपी जितेन्द्र कुमार, गठित एसआईटी के नेतृत्वकर्ता सदर एसडीपीओ सुशील कुमार, नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार समेत टीम में शामिल सभी पुलिस अधिकारियों और सशस्त्र बल के जवानों को सम्मानित किया।

मौके पर शोरूम के मालिक ने कहा कि घटना से वे लोग काफी टूट चुके थे और बरामदगी की उम्मीद भी छोड़ रखा था। लेकिन चार दिनों के भीतर एसपी साहब और टीम के सभी सदस्यों के मेहनत से दोनों नई कार की बरामदगी कर ली गई, जो उनके कल्पना से परे है। उन्होंने अररिया एसपी जितेन्द्र कुमार समेत गठित एसआईटी के सदस्यों के प्रति आभार प्रकट करते हुए बिहार पुलिस के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की।

वहीं मौके पर एसपी जितेन्द्र कुमार ने कहा कि घटना को पुलिस ने चैलेंज के रूप मे लिया था। एसआईटी गठन किया गया और गठित एसआईटी टीम के सभी सदस्य चार दिनों तक लगातार मामले के खुलासे को लेकर बिना किसी रेस्ट के दिन रात काम करते रहे, जिसका रिजल्ट सबों के सामने है। उन्होंने मामले में गिरोह के भी जुड़ी तरह से डिटेक्ट हो जाने का दावा करते हुए बताया कि एक की गिरफ्तारी हुई है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

एसपी ने कारोबारियों से अपील की कि सुरक्षा के प्रति सतर्क रहे। सिक्योरिटी के स्तर को बनाकर रखे, जिसका अभाव घटना के दिन शोरूम आने पर देखने को मिला था। उन्होंने आईटी बेस्ड सीसीटीवी कैमरा लगाने की गुजारिश की। बताया कि उसका फीड मोबाइल पर भी लिया जा सकता है और उनका स्टोरेज क्लाउड पर होता है, जिससे ऐसी हालत में भी स्टोरेज से फुटेज निकाली जा सकती है। उन्होंने पूरी टीम के सदस्यों को बधाई देते हुए अपने स्तर से भी भी सबों को पुरस्कृत करने की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story