मोटरसाइकिल की डिक्की से चोरी पांच लाख रुपये बरामद आरोपी के घर से मिली पूरी रकम, चार दिनों में पुलिस ने किया घटना का उद्भेदन

WhatsApp Channel Join Now
मोटरसाइकिल की डिक्की से चोरी पांच लाख रुपये बरामद आरोपी के घर से मिली पूरी रकम, चार दिनों में पुलिस ने किया घटना का उद्भेदन


दरभंगा, 30 सितंबर (हि.स.)।

दरभंगा जिला स्थित मनीगाछी क्षेत्र नेहरा थाना क्षेत्र में राजमिस्त्री की मोटरसाइकिल की डिक्की से चोरी किए गए पांच लाख रुपये पुलिस ने घटना के चार दिनों के भीतर बरामद कर लिए।

बुधवार को एसडीपीओ बेनीपुर वासुकी नाथ झा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर नेहरा थानाध्यक्ष मोती कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी।

टीम में पुअनि अरुण कुमार एवं बीएचजी-301550 सबिरुल हसन खान शामिल थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों तथा मानवीय सूचना के आधार पर जांच की। जांच के दौरान कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुरावगंज निवासी प्रभु यादव के पुत्र रितिक कुमार की संलिप्तता सामने आने की बात पुलिस ने बताई।

पुलिस टीम ने स्थानीय थाना के सहयोग से रितिक कुमार के घर पर छापेमारी की। हालांकि वह घर से फरार मिला। तलाशी के दौरान उसके बक्से से चोरी की पांच लाख रुपये की राशि बरामद हुई। पुलिस ने रकम जब्त कर ली है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

बताया गया कि 25 सितंबर को नमती गांव निवासी राजमिस्त्री सुबोध दास सकरी चीनी मिल स्थित एसबीआई शाखा से पांच लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। नेहरा लुल्हवा चौक पर मोटरसाइकिल खड़ी कर पेशाब करने के दौरान पीछे लगे चोरों ने मोटरसाइकिल की डिक्की खोलकर रुपये निकाल लिए और फरार हो गए थे। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार दिनों में चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story