भीमनगर थाना में बाल श्रम उन्मूलन की शपथ, पुलिसकर्मियों ने जागरूकता फैलाने का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
भीमनगर थाना में बाल श्रम उन्मूलन की शपथ, पुलिसकर्मियों ने जागरूकता फैलाने का लिया संकल्प


सुपौल, 12 जून (हि.स.)। बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और समाज को इस कुप्रथा से मुक्त बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को भीमनगर थाना परिसर में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

थाना प्रभारी मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बाल श्रम उन्मूलन का संकल्प लेते हुए राज्य को बाल श्रम मुक्त बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का वादा किया। कार्यक्रम के दौरान सभी पुलिसकर्मियों ने पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा आम लोगों के बीच बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ ली।

थाना प्रभारी मनीष कुमार ने कहा कि बच्चों का सुरक्षित और बेहतर भविष्य सुनिश्चित करना केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए जनभागीदारी और व्यापक जागरूकता बेहद जरूरी है।

पुलिस प्रशासन इस दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है और आम नागरिकों से भी सहयोग की अपेक्षा रखता है।शपथ कार्यक्रम में थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं बल कर्मी मौजूद रहे।

प्रमुख रूप से एसआई पंकज कुमार, एसआई त्रिलोकी नाथ, एएसआई बिपिन राम तथा पीटीसी रामचंद्र चौधरी सहित अन्य कर्मियों ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story