दुर्गा पूजा में जाम से निपटने को पुलिस अलर्ट, एसपी ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर की ब्रीफिंग

WhatsApp Channel Join Now
दुर्गा पूजा में जाम से निपटने को पुलिस अलर्ट, एसपी ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर की ब्रीफिंग


किशनगंज, 15 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए किशनगंज पुलिस ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के द्वारा संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के साथ ब्रीफिंग की गई।

इस दौरान पूजा के दौरान शहर में यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ब्रीफिंग में श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया गया कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखें, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा पंडालों तक पहुंचने और वापस लौटने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने और जरूरत के अनुसार यातायात को नियंत्रित करने पर भी जोर दिया गया। दुर्गा पूजा के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों और पूजा पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया।

साथ ही, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित समस्या से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने को कहा गया। एसपी ने यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

किशनगंज पुलिस का उद्देश्य है कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। पुलिस ने शांतिपूर्ण दुर्गा पूजा संपन्न कराने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761554 Articles

Share this story