जमीन विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस से दुर्व्यवहार, दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now


सीवान, 19 अक्टूबर (हि.स.)। गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के आज्ञा गांव के मनफोड़ा टोला में जमीन विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम के साथ दुर्व्यवहार, गाली-गलौज और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुन्द्रिका महतो, पिता स्वर्गीय यमुना महतो, और हरेश महतो, पिता स्वर्गीय बाबूलाल महतो, के रूप में हुई है। दोनों आज्ञा गांव के मनफोड़ा टोला के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच में दोनों के शराब पीने की पुष्टि हुई है। मामले में 14 नामजद और 15 से 20 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को गोरेयाकोठी थाना को जमीन विवाद से संबंधित एक लिखित आवेदन मिला था। आवेदन की जांच और सत्यापन के लिए पुलिस टीम आज्ञा गांव पहुंची थी। वहां आवेदक और दूसरे पक्ष से विवादित जमीन के संबंध में पूछताछ की जा रही थी।

इसी दौरान कुछ लोगों ने आवेदक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाते हुए विवादित जमीन से संबंधित कागजात थाना और अंचलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा।

आरोप है कि इसके बाद संबंधित लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी गाली-गलौज और दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान 14 नामजद और 15 से 20 अज्ञात महिला-पुरुषों ने पुलिस बल को धमकी दी तथा बड़ी संख्या में भीड़ जुटाकर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की।

आरोपितों ने पुलिस वाहन को भी रोक दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 और गोरेयाकोठी थानाध्यक्ष को सूचना दी गयी। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम और थानाध्यक्ष अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों को समझाया और भीड़ को हटाया।

घटनास्थल से हिरासत में लिए गए मुन्द्रिका महतो और हरेश महतो की थाने में ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गयी, जिसमें दोनों के शराब पीने की पुष्टि हुई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मुन्द्रिका महतो के खिलाफ गोरेयाकोठी थाना कांड संख्या 21/2020 में भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वहीं, हरेश महतो के खिलाफ गोरेयाकोठी थाना कांड संख्या 232/2018 में रंगदारी, गाली-गलौज और धमकी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज होने का उल्लेख है।

इस कार्रवाई में गोरेयाकोठी थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक हृदेश कुमार पंडित और थाने के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपितों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763711 Articles

Share this story