पुलिस केंद्र में पुलिस संस्मरण दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि
अररिया 21 अक्टूबर(हि.स.)। अररिया पुलिस केंद्र में बुधवार को पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर एसपी जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस संस्मरण दिवस परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीद पुलिसकर्मियों को सलामी अर्पित कर माल्यार्पण के माध्यम से भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर देश की आंतरिक सुरक्षा, शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए उनके बलिदान को नमन किया गया।
मौके पर एसपी जितेन्द्र कुमार ने पुलिस अधिकारियों और बलों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस संस्मरण दिवस न केवल शहीद जवानों को श्रद्धांजलि और स्मरण करना बताती है,बल्कि कर्तव्यपरायणता और बलिदान के लिए प्रेरित करती है।
उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी पहनने के बाद जिम्मेवारी और जिम्मेदारी दोनों बढ़ जाती है और यह बलिदान और त्याग हमें अनुशासन में रहकर कर्तव्य करने को प्रेरित करती है।
मौके पर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार,ट्रैफिक डीएसपी तरुण कुमार पांडेय,साइबर डीएसपी रघुनाथ सिंह समेत सार्जेंट,मेजर और अन्य पुलिस अधिकारी और बल मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

