रामरेखा घाट समेत गंगा के विभिन्न घाटों पर जांच अभियान में एक अनिबंधित नाव जब्त
बक्सर, 28 नवंबर (हि.स.)। गंगा नदी में जल यातायात को सुरक्षित बनाने और श्रद्धालुओं व यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को रामरेखा घाट समेत शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर अवैध एवं अनिबंधित नावों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय की टीम ने जिला परिवहन पदाधिकारी प्रशांत रमानिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान बिना वैध निबंधन और आवश्यक सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर परिचालित की जा रही एक नाव को जब्त किया गया।
जांच अभियान के दौरान नावों के रजिस्ट्रेशन, फिटनेस प्रमाण पत्र, नाविकों के लाइसेंस तथा सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता की जांच की गई। इसमें लाइफ जैकेट समेत अन्य जीवन रक्षक उपकरणों की स्थिति भी देखी गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित नाव को परिवहन विभाग के निर्देश पर नगर परिषद की ओर से तत्काल जब्त कर लिया गया। वहीं, नाव स्वामी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने नाव मालिकों और नाविकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि बिना वैध निबंधन एवं फिटनेस प्रमाण पत्र के गंगा नदी में नावों का परिचालन नहीं करें। निबंधन के लिए अनुमंडल कार्यालय में आवेदन देने को कहा गया है। नावों पर निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने पर भी रोक लगाई गई है। प्रत्येक नाव में पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट, रस्सी और अन्य जीवन रक्षक उपकरण रखना अनिवार्य किया गया है।
इसके अलावा नाव संचालन के लिए नाविकों के पास वैध लाइसेंस होना जरूरी है। अप्रशिक्षित या नाबालिग व्यक्तियों से नाव नहीं चलवाने तथा सूर्यास्त के बाद और तेज हवा या कोहरे जैसी खराब मौसम की स्थिति में नाव परिचालन बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि गंगा घाटों पर संभावित दुर्घटनाओं को रोकने और जल मार्ग से यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए नगर परिषद एवं अंचल कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाएगा। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले नाव संचालकों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

