हिंसा, सरकारी संपत्ति और मीडिया कर्मियों पर हमला मामले में 29 नामजद, 250 अज्ञात पर प्राथमिकी

WhatsApp Channel Join Now
हिंसा, सरकारी संपत्ति और मीडिया कर्मियों पर हमला मामले में 29 नामजद, 250 अज्ञात पर प्राथमिकी


पूर्णिया, 27 जुलाई (हि.स.)। 25 जुलाई को आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्रों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को सौंपा तथा अधिकारियों से बातचीत के बाद शांतिपूर्वक वापस लौट गए। आरोप है कि छात्रों के लौटने के बाद भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव शुरू कर दिया।

जिलाधिकारी अंशुल कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के नेतृत्व में एसडीएम, दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर पहले से तैनात किया गया था। प्रशासन ने आंदोलनकारियों से मित्रवत व्यवहार करते हुए उनकी बात सुनी और समझा-बुझाकर वापस भेजा। इसी पूर्व तैयारी और संयम के कारण वास्तविक छात्र शांतिपूर्वक लौट गए तथा शहर में बड़े उपद्रव और आगजनी की आशंका को समय रहते टाल दिया गया।

प्राथमिकी के अनुसार, अमौर, रौटा, बैसा, बायसी, चिमनी बाजार, कसबा, बनभाग, माधोपाड़ा, अली टोला, लाइन बाजार, मधुबनी और डीएवी कॉलेज क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों से आए कुछ लोग भीड़ में शामिल हो गए थे। आरोप है कि उपद्रवियों ने बैरिकेडिंग तोड़ी, वाहनों, सीसीटीवी कैमरों और सरकारी प्रचार सामग्री को नुकसान पहुंचाया तथा पथराव किया। सड़क जाम होने से एम्बुलेंस और आम लोगों के वाहन भी फंस गए। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को सीमित बल प्रयोग करना पड़ा। घटना में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है।

घटना के दौरान समाचार संकलन कर रहे मीडिया कर्मियों के साथ भी कथित रूप से मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। पत्रकारों को निशाना बनाए जाने की घटना की विभिन्न संगठनों ने निंदा की है। तनावपूर्ण स्थिति के बावजूद जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम एवं प्रशासनिक टीम ने संयम और सूझबूझ से कुछ ही समय में हालात पर नियंत्रण पा लिया।

प्राथमिकी में सौर्य राय, साजिद, दिलीप राय, अजय भारती, अली खान स्कूल संचालक, कुमार आदित्य, नदीम सरवर, शेख सेफुद्दीन अली, यासीर अरफात, शिवम कुमार गोस्वामी, डॉ. अल्ताफ, डॉ. सब्बीर, मो. अली, मो. आरजू हक, विक्रम पासवान भीम आर्मी, मो. मोशरफ आलम उर्फ प्रिंस, यजदानी राज, फैजल राज, अजमेर करीम, सदाम हुसैन, मो. सहबाज आलम, शेख सद्दाम, मो. इरशाद पुरनवी, मो. अजमेर, मो. निक्की, मो. चाहत, मो. अकरम रजा, अल्ताफ हुसैन और मो. अली अहमद खां को नामजद किया गया है। इसके अलावा 200 से 250 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। प्राथमिकी में दर्ज आरोपों की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Share this story