डीएसपी कमलेश्वरी प्रसाद के नेतृत्व में ₹1.60 लाख से अधिक का चालान
सुपौल, 25 अप्रैल (हि.स.)। जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और बढ़ती दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान यातायात डीएसपी कमलेश्वरी प्रसाद के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें थाना यातायात प्रभारी उपेंद्र नारायण यादव सहित पुलिस बल के जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे।
शनिवार को चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर वाहनों की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग न करने, वाहन के आवश्यक कागजात (जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, बीमा) नहीं रखने, ओवरलोडिंग, ट्रिपल राइडिंग तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने मौके पर ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का चालान काटते हुए कुल ₹1.60 लाख से अधिक की राशि वसूली। इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया और कई स्थानों पर वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।
थाना प्रभारी उपेंद्र नारायण यादव ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें। इससे न केवल चालान से बचा जा सकता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी लाई जा सकती है।
यातायात पुलिस की इस सख्ती को सड़क सुरक्षा के प्रति एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आने वाले समय में दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

