नवादा में पुलिस मुठभेड़: 50 हजार का इनामी घायल, डॉक्टर हत्याकांड का फरार आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नवादा में पुलिस मुठभेड़: 50 हजार का इनामी घायल, डॉक्टर हत्याकांड का फरार आरोपी गिरफ्तार


नवादा, 26 अप्रैल (हि.स.)। नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसी गांव के समीप रविवार को पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी टिंकू यादव घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से ही घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है और प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि टिंकू यादव एक चर्चित चिकित्सक हत्याकांड में पिछले दो महीनों से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी, लेकिन वह बार-बार ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बच निकल रहा था। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि वह अपने गांव कोसी में ही छिपा हुआ है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए रोह थाना पुलिस एवं विशेष टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की योजना बनाई। रविवार को पुलिस टीम जैसे ही कोसी गांव के पास पहुंची और घेराबंदी शुरू की, तभी टिंकू यादव ने खुद को घिरता देख अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से कुछ देर के लिए इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार, अपराधी द्वारा चलाई गई गोली पुलिस की गाड़ी में भी लगी, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। हालांकि, पुलिस टीम ने संयम रखते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। इसी दौरान एक गोली टिंकू यादव के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान भी चलाया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य अपराधी वहां मौजूद न हो। पुलिस टीम ने घटनास्थल से हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि टिंकू यादव पर लगभग दो महीने पूर्व रुपये के लेन-देन के विवाद में एक चिकित्सक की गला रेतकर हत्या करने का गंभीर आरोप है। इस घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था और पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इस हत्याकांड ने इलाके में काफी सनसनी फैला दी थी और लोगों में भय का माहौल बन गया था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घायल आरोपी का इलाज चल रहा है और डॉक्टरों की निगरानी में उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। जैसे ही वह पूरी तरह से स्वस्थ होगा, उससे गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि इस हत्याकांड के पीछे की पूरी साजिश और संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी मिल सके।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस घटना में टिंकू यादव के साथ अन्य अपराधी भी शामिल थे या नहीं। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है, ताकि उससे जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सके।

इस सफल कार्रवाई को लेकर पुलिस विभाग ने टीम की सराहना की है। स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है, क्योंकि लंबे समय से फरार इस इनामी अपराधी की गिरफ्तारी से इलाके में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story