रक्षाबंधन के अवसर पर 'पुलिस दीदी' टीम को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना

WhatsApp Channel Join Now
रक्षाबंधन के अवसर पर 'पुलिस दीदी' टीम को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना


भागलपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर शुक्रवार को महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करते हुए भागलपुर पुलिस द्वारा 'पुलिस दीदी की विभिन्न टीमों को विधिवत रूप से रवाना किया गया।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक द्वारा 'पुलिस दीदी टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व के अवसर पर पुलिस दीदी टीम की शुरुआत महिलाओं एवं पुलिस के बीच विश्वास, सुरक्षा और आत्मीयता के मजबूत संबंध का प्रतीक है।

इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा के लिए भागलपुर पुलिस हर समय तत्पर एवं प्रतिबद्ध है। वर्तमान में 'पुलिस दीदी टीम के लिए 25 पिंक स्कूटी उपलब्ध कराई गई हैं।

इसके अतिरिक्त टीम के पास अन्य दोपहिया वाहन भी उपलब्ध हैं, जिसके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी गश्ती सुनिश्चित की जाएगी। इन वाहनों की सहायता से टीम द्वारा ऐसे क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं एवं छात्राएं आवागमन करती हैं।

आने वाले समय में 'पुलिस दीदी' टीम की संख्या एवं उपलब्ध संसाधनों में और वृद्धि किए जाने की योजना है, जिससे जिले के अधिक से अधिक क्षेत्रों में महिला सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके। पुलिस दीदी टीम द्वारा विशेष रूप से स्कूल, कॉलेज एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास के क्षेत्रों में निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा बस स्टैंड, प्रमुख बाजार, शॉपिंग क्षेत्र एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर महिला सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

महिलाओं एवं छात्राओं की आवाजाही वाले संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी। 'पुलिस दीदी' टीम का उद्देश्य केवल गश्ती एवं निगरानी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि महिलाओं एवं छात्राओं को उनकी सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

'पुलिस दीदी' की सभी टीमों की गतिविधियों की नियमित एवं बेहतर मॉनिटरिंग की जाएगी। टीमों की गश्ती, क्षेत्रीय कवरेज एवं कार्यप्रणाली का प्रभावी पर्यवेक्षण किया जाएगा, ताकि निर्धारित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का सही ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

भागलपुर पुलिस का उद्देश्य है कि जिले में प्रत्येक महिला एवं छात्रा सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त वातावरण में अपने दैनिक कार्यों को पूरा कर सके। महिलाएं बिना किसी भय या संकोच के स्कूल, कॉलेज, कोचिंग, कार्यस्थल, बाजार एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर आवागमन कर सकें, इसके लिए पुलिसिंग व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

'पुलिस दीदी' इसी दिशा में भागलपुर पुलिस की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से महिला सुरक्षा को पुलिसिंग की प्राथमिकता के केंद्र में रखते हुए त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

भागलपुर पुलिस महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। जिले में महिला सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक संसाधनों, नियमित गश्ती, बेहतर मॉनिटरिंग एवं जनसहयोग के माध्यम से निरंतर प्रयास जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story