अब बेटियों की सुरक्षा की कमान ‘पुलिस दीदी’ के हाथों, सीवान में उतरीं 30 दोपहिया गाड़ियां

WhatsApp Channel Join Now
अब बेटियों की सुरक्षा की कमान ‘पुलिस दीदी’ के हाथों, सीवान में उतरीं 30 दोपहिया गाड़ियां


सीवान, 28 अगस्त (हि.स.)। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सीवान में अब ‘पुलिस दीदी’ यानी अभया ब्रिगेड सक्रिय होगी। पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले को 20 स्कूटी और 10 मोटरसाइकिल मिली हैं।

रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस केंद्र, सीवान से जिला पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने हरी झंडी दिखाकर सभी 30 वाहनों को रवाना किया। ये वाहन जिले में तैनात पुलिस कर्मियों को उपलब्ध कराए गए हैं, जो महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े कार्यों को तेजी से अंजाम देंगे। दरअसल, 26 अगस्त को मुख्यमंत्री बिहार सरकार द्वारा पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड) के लिए राज्यभर में 4700 स्कूटी एवं मोटरसाइकिल वितरित की गई थीं।

इसी योजना के तहत सीवान को भी 30 दोपहिया वाहन मिले हैं। ‘पुलिस दीदी’ की टीम विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगातार निगरानी एवं जागरूकता का कार्य करेगी। महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के साथ ही किसी आपात स्थिति में मौके पर पहुंचकर त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में भी ये वाहन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे खासकर स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं और सार्वजनिक स्थानों पर रहने वाली महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story