217 प्रशिक्षु जवान पुलिस सेवा में शामिल, दीक्षांत समारोह में ली कर्तव्यनिष्ठा की शपथ

WhatsApp Channel Join Now
217 प्रशिक्षु जवान पुलिस सेवा में शामिल, दीक्षांत समारोह में ली कर्तव्यनिष्ठा की शपथ


217 प्रशिक्षु जवान पुलिस सेवा में शामिल, दीक्षांत समारोह में ली कर्तव्यनिष्ठा की शपथ


सुपौल, 20 जून (हि.स.)। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन परिसर में शनिवार को 217 प्रशिक्षु जवानों का भव्य दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। कठिन एवं व्यापक प्रशिक्षण पूरा करने के बाद जवानों ने पुलिस सेवा में शामिल होते हुए ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ दायित्व निभाने की शपथ ली।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डीआईजी कुमार आशीष ने जवानों को पुलिस विभाग की गरिमा बनाए रखने और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

अपने संबोधन में डीआईजी कुमार आशीष ने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल अधिकार का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और जनता के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एक अच्छे पुलिसकर्मी की पहचान केवल अपराध नियंत्रण से नहीं, बल्कि पीड़ितों की सहायता, कमजोर वर्गों की सुरक्षा और समाज में विश्वास का वातावरण कायम करने से होती है।

उन्होंने जवानों से हर परिस्थिति में धैर्य, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपील की। दीक्षांत समारोह के दौरान प्रशिक्षु जवानों ने आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया। कदमताल और अनुशासित प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान अर्जित शारीरिक दक्षता, टीम भावना और आत्मविश्वास का परिचय दिया। जवानों की प्रस्तुति को अधिकारियों और उपस्थित लोगों ने सराहा।

डीआईजी ने आधुनिक पुलिसिंग की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बदलते समय में पुलिसकर्मियों को तकनीक, डिजिटल माध्यमों और आधुनिक अनुसंधान पद्धतियों की जानकारी होना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने जवानों को निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की सीख दी। प्रशिक्षण अवधि के दौरान जवानों को शारीरिक दक्षता, कानून की जानकारी, हथियार संचालन, आपदा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, मानवाधिकार, अपराध अनुसंधान और यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया गया।

समारोह में प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक सारथ आर.एस. समेत पुलिस विभाग के कई वरीय अधिकारी, प्रशिक्षक, जवानों के परिजन और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित थे।

अधिकारियों ने विश्वास जताया कि 217 नए जवानों के पुलिस बल में शामिल होने से जिले की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story