मुहर्रम को लेकर सीवान पुलिस अलर्ट, 1200 से अधिक जवान तैनात
सीवान, 25 जून (हि.स.)। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सीवान पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की तैनाती की गई है।
एसपी ने बताया कि मुहर्रम के मद्देनजर सीवान पुलिस द्वारा व्यापक निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। अब तक 126 बीएनएसएस के तहत 3990 व्यक्तियों तथा 135 बीएनएसएस के तहत 2500 से अधिक व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। इसके अलावा 2500 से अधिक लोगों से बंधपत्र भराया गया है तथा एक व्यक्ति के विरुद्ध सीसीए-12 के तहत कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला, अनुमंडल एवं थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित की गई हैं। जिलाधिकारी एवं पुलिस प्रशासन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर लोगों से भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की गई है।
उन्होंने कहा कि सभी निर्धारित जुलूस मार्गों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी तथा प्रत्येक जुलूस की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। अवैध रूप से संचालित डीजे के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने बताया कि मुहर्रम के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए गुरुवार को सिवान पुलिस केंद्र में दंगा नियंत्रण (रायट कंट्रोल) ड्रिल का आयोजन किया गया। ड्रिल के माध्यम से पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण, दंगा नियंत्रण, त्वरित प्रतिक्रिया एवं आपसी समन्वय का प्रशिक्षण दिया गया। दंगा नियंत्रण दल, क्यूआरटी एवं अन्य विशेष बलों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले के संवेदनशील स्थलों पर सीएपीएफ (एसएसबी), बीएमपी, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस, जिला पुलिस बल एवं
गृह रक्षकों सहित 1200 से अधिक पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। एसपी ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

