चेहल्लुम को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा के कड़े इंतजाम; अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
चेहल्लुम को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा के कड़े इंतजाम; अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई


भागलपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए भागलपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और आम लोगों में सुरक्षा का अहसास कराने के उद्देश्य से भागलपुर पुलिस लाइन से एक फ्लैग मार्च निकाला गया।

यह फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से शुरू होकर नाथनगर सहित जिले के विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख इलाकों से गुजरा। मार्च के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा तैयारियों का निरीक्षण किया और स्थानीय नागरिकों से शांति, आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व खुद भागलपुर के सिटी एसपी अतूलेश झा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), और सिटी डीएसपी ने किया।

मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, जिला बल के जवान और दंगा नियंत्रण बल के जवान शामिल रहे। इस मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि चेहल्लुम पर्व की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पहले ही केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की जा चुकी है।

बैठक में सभी समुदायों के प्रबुद्ध जनों और पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर आपसी तालमेल के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई थी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संवेदनशील मोर्चों पर अतिरिक्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

सोशल मीडिया और शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस तुरंत और बेहद कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story