व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है पुलिस


भागलपुर, 27 जून (हि.स.)। भागलपुर एसएसपी कार्यालय के हवाले से शनिवार को बताया गया कि सोशल मीडिया एवं विभिन्न स्थानीय समाचार पोर्टलों पर भागलपुर के घंटाघर के समीप मुहर्रम जुलूस के दौरान हुई घटना को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत किया जा रहा है।

इस संबंध में स्पष्ट किया जाता है कि घंटाघर के समीप दो मुहर्रम जुलूस के आगे-पीछे होकर गुजरने (ओवरटेक करने) के दौरान कुछ लोगों के बीच हल्का विवाद एवं कहासुनी की स्थिति उत्पन्न हुई थी।

इसी क्रम में आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति द्वारा वहां लगे साउंड सिस्टम पर डंडा मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। तथापि, इस घटना में किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट नहीं हुई है तथा किसी को कोई चोट नहीं आई है।

मौके पर पहले से तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल ने तत्परता एवं सतर्कता का परिचय देते हुए तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर लिया, जिसके फलस्वरूप दोनों जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में अपने-अपने निर्धारित मार्ग से आगे बढ़े। घटना के कारण कहीं भी विधि-व्यवस्था की कोई समस्या उत्पन्न नहीं हुई तथा स्थिति पूरी तरह सामान्य रही।

उल्लेखनीय है कि वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देशानुसार मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिसभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है।

सभी वरीय पदाधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। भागलपुर पुलिस द्वारा पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन हेतु पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

भागलपुर पुलिस आम नागरिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से अपील करती है कि किसी भी घटना की जानकारी साझा करने से पूर्व उसकी सत्यता की पुष्टि करें तथा अपुष्ट एवं भ्रामक सूचनाओं के प्रसार से बचें। पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story