डीआईजी जयंत कांत के सख्त निर्देश: लंबित मामलों का जल्द करें निष्पादन
कटिहार, 26 सितंबर (हि.स.)। समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय कक्ष में शनिवार को अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीआईडी के पुलिस उप-महानिरीक्षक-सह-नोडल प्रभारी जयंत कांत ने पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में जिले के विभिन्न थानों के लंबित कांडों तथा पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और उनके त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
समीक्षा के दौरान डीआईजी ने नगर, सहायक, मुफस्सिल, महिला थाना तथा अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति थाना से जुड़े दर्ज मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जांच पदाधिकारियों को मामलों की जांच में तेजी लाने और कांडों का समयबद्ध व निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
इसके साथ ही पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय)-सह-यातायात और जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के कार्यकलापों की समीक्षा की गई। डीआईजी ने अधिकारियों को लंबित मामलों को जल्द निपटाने और जिले में कानून-व्यवस्था व पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी व संवेदनशील बनाने पर बल दिया।
बैठक के दौरान पुलिस महकमे की महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं तकनीकी शाखाओं के कार्यों की भी गहन पड़ताल की गई। इसमें अपराध शाखा, जिला आसूचना इकाई, डीसीबी शाखा, अभियोजन शाखा, त्वरित विचारण (स्पीडी ट्रायल) शाखा, लेखा शाखा तथा हिन्दी शाखा शामिल रहीं। डीआईजी ने इन सभी शाखाओं के संबंधित पदाधिकारियों को समन्वय के साथ काम करने और स्पीडी ट्रायल के माध्यम से वादों को तेजी से निष्पादित कराने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

