पुलिस ने लिफ्ट देकर लूटने वाले अंतरजिला गिरोह का किया भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
सारण, 17 जुलाई (हि.स.)। मकेर थाना पुलिस ने चौक-चौराहों पर यात्रियों को लिफ्ट देकर ठगी और लूटपाट करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से एक कार, चाकू, तीन मोबाइल और 8,600 रुपए नगद बरामद किया हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरी टोला तीनमुहानी के समीप वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोका, जिसमें सवार गिरोह ने एक पीड़ित यात्री ललन मंडल के साथ धक्का-मुक्की कर चाकू के बल पर लूटपाट कर रहे थे। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान शत्रुधन सहनी, दीपक कुमार दोनों पूर्वी चंपारण और विकास कुमार राय खगड़िया के रूप में हुई है।
पूछताछ में अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे मुसाफिरों को मुजफ्फरपुर छोड़ने का झांसा देकर गाड़ी में बैठाते थे। इसके बाद खुद को कूरियर कंपनी का कर्मी बताकर चेकिंग के नाम पर झांसा देते थे और विरोध करने पर हथियार के बल पर नगद व कीमती सामान लूट लेते थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस ने मकेर थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

