दरौली में पुलिस पर हमला मामले में 9 गिरफ्तार, थानाध्यक्ष निलंबित; नए एसएचओ की तैनाती
सीवान, 29 जून (हि.स.)। दरौली थाना क्षेत्र के टोका नारायणपुर गांव में रविवार को अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत के बाद पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में सीवान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्कालीन दरौली थानाध्यक्ष विवेक कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उनकी जगह पुलिस निरीक्षक अभिनव कुमार दूबे को दरौली का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। एसपी ने इस बात के संकेत दिए कि इस मामले में कुछ और पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि 28 जून को अवैध बालू लदा ट्रैक्टर एक व्यक्ति को रौंदते हुए फरार हो गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर दरौली थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और विधिसम्मत कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान कुछ उग्र ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया तथा सड़क जाम कर दी। पथराव में कॉन्स्टेबल अभिषेक कुमार और चंदन कुमार घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
एसपी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए वे स्वयं, सदर-1 एवं सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) तथा अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराया। इसके बाद पुलिस टीम पर हमला करने वालों की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि एसडीपीओ गौरी कुमारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर रातभर छापेमारी कर नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में आठ पुरुष और एक महिला शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पवन साहनी, दुगेश साहनी, अंकेश साहनी, मुकेश कुमार साहनी, धर्मेंद्र साहनी, अमित कुमार चौधरी, संदीप चौहान, रवि साहनी तथा एक महिला के रूप में हुई है।
एसपी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। जब्त ट्रैक्टर पर कोई पंजीकरण संख्या अंकित नहीं थी। पुलिस इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर वाहन के मालिक की पहचान कर रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि ट्रैक्टर पर लदा सफेद बालू अवैध रूप से नदी घाट से लाया जा रहा था, क्योंकि वर्तमान में खनन कार्य बंद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

