मकेर में पुलिस ने हथियार के साथ दो युवकों को किया गिरफ्तार
सारण, 05 अगस्त (हि.स.)। मकेर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे दो आरोपितों को अवैध हथियार के साथ विशुनटोला बांध के समीप चलाए गए जांच अभियान के दौरान गिरफ्तार किया।
मकेर पुलिस को खबर मिली थी कि बाढ़ीचक और डिही सिरोमन बांध क्षेत्र में कुछ युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी आपराधिक घटना की फिराक में हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। संदिग्ध स्थिति में भागने की कोशिश कर रहे मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को बल प्रयोग कर पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाढ़ीचक निवासी नितीश कुमार और डिही सिरोमन निवासी अमन कुमार सहनी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक देशी कट्टा और एक मोटरसाइकिल जब्त की। पुलिस ने मकेर थाना कांड संख्या-233/26 के तहत आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

