बक्सर पुलिस के विशेष अभियान में 15 गिरफ्तार, 116 लीटर से अधिक शराब बरामद

WhatsApp Channel Join Now
बक्सर पुलिस के विशेष अभियान में 15 गिरफ्तार, 116 लीटर से अधिक शराब बरामद


बक्सर, 20 अगस्त (हि.स.)। बक्सर पुलिस की ओर से 19 अगस्त को जिले में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में कुल 15 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस की कार्रवाई के बाद सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अभियान के दौरान अपराध नियंत्रण के साथ-साथ शराब तस्करी एवं वारंटियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी रिपोर्ट के अनुसार, अपराध के मुख्य शीर्ष कांडों में एक आरोपित की गिरफ्तारी हुई। शराब से संबंधित मामलों में सेवन करने के आरोप में सात तथा शराब बरामदगी के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस ने कुल 82.28 लीटर विदेशी शराब एवं 33.8 लीटर देसी शराब, यानी 116.08 लीटर शराब बरामद की।

इसके अलावा पुलिस ने एक देसी कट्टा, एक कारतूस और दो मोटरसाइकिल भी बरामद की। अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में 27 वारंटों का निष्पादन किया गया, जबकि तीन कुर्की वारंटों पर भी कार्रवाई हुई। वारंट में चार आरोपितों की गिरफ्तारी की गई।

वहीं, वाहन जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से 27,500 रुपये जुर्माना वसूला गया। बक्सर पुलिस ने बताया कि अपराध नियंत्रण, शराबबंदी के प्रभावी क्रियान्वयन तथा फरार आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर जिले में विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story