साबित ख़िदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल ने स्वतंत्रता दिवस पर 80 लोगों को बांटे पौधे

WhatsApp Channel Join Now
साबित ख़िदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल ने स्वतंत्रता दिवस पर 80 लोगों को बांटे पौधे


बक्सर, 15 अगस्त (हि.स.)।

सबित ख़िदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल तथा मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय, जिला बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया।

स्वतंत्रता के 79 वर्ष पूर्ण होने और 80वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर संस्था की ओर से 80 लोगों के बीच 80 पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गुलाम ख्वाजा द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों से हुआ। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों में देशभक्ति का उत्साह भर दिया। इस दौरान लोगों ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए संकल्प लिया।

मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय के बिहार प्रदेश महासचिव एवं साबित ख़िदमत फाउंडेशन अस्पताल के निदेशक डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि भारत विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति करते हुए एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाशक्ति के सहयोग से भारत सामाजिक, वैश्विक, शैक्षणिक और कृषि सहित हर क्षेत्र में अग्रणी राष्ट्र बन सकता है।

डेंटल सर्जन डॉ. खालिद रज़ा ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर लोगों को भावविभोर कर दिया। वहीं अधिवक्ता आजम ने देशप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और एकता का संदेश दिया।

समारोह में प्रियंका, सैयदा, अनीता कुमारी, जायसवाल, धनेश्वरी, आरती, देवांती, आशा, सोनम, तरन्नुम, नासिर, नसीम, सुनील, रवि, प्रदीप और एहसान सहित संस्था के सदस्य, अस्पतालकर्मी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन गुलाम ख्वाजा की प्रस्तुति के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story