पॉक्सो मामलों की जांच में न हो विलंब, गोपनीय रखी जाए पीड़ित की पहचान
कटिहार, 27 नवंबर (हि.स.)। किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 एवं लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, 2012 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार (27 नवंबर 2026) को वृहद आश्रय गृह, कटिहार में जिले के सभी बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की जांच में किसी प्रकार का विलंब न हो, पीड़ित बच्चे की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाए और उस पर कोई मानसिक दबाव न डाला जाए।
प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के प्रति संवेदनशीलता ही असली पुलिसिंग है। जब कोई बच्चा थाने आता है, तो वह अपराधी नहीं बल्कि सहायता की उम्मीद लेकर आता है, इसलिए उसके साथ बाल मैत्रीपूर्ण व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि किशोर न्याय अधिनियम के तहत विधि से संघर्षरत किशोरों के प्रति दंडात्मक नहीं, बल्कि सुधारात्मक दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए तथा सभी पदाधिकारी अपने-अपने थानों में बाल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने पॉक्सो अधिनियम के तहत अपराध की परिभाषा, प्राथमिकी दर्ज करने, मेडिकल जांच व बयान लेने की प्रक्रिया, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड व जिला बाल संरक्षण इकाई की भूमिका, बाल मैत्रीपूर्ण पुलिस स्टेशन की अवधारणा, बाल विवाह, बाल तस्करी, बाल श्रम एवं गुमशुदा बच्चों के मामलों में पुलिस के दायित्व तथा हेल्पलाइन नंबर 1098, 181 व 112 की कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रतिनिधि, बाल कल्याण समिति व किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य तथा जिले के सभी थानों के बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

