महद्दीपुर बाजार स्थित PNB बैंक में चोरी की कोशिश नाकाम, बारातियों की सतर्कता से भागे चोर

WhatsApp Channel Join Now
महद्दीपुर बाजार स्थित PNB बैंक में चोरी की कोशिश नाकाम, बारातियों की सतर्कता से भागे चोर


सुपौल, 02 जुलाई (हि.स.)। जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के महद्दीपुर बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) शाखा में बुधवार देर रात चोरी की एक बड़ी वारदात टल गई।

चोर बैंक में सेंध लगाने की पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे, लेकिन बारात से लौट रहे लोगों की सतर्कता के कारण उन्हें मौके से भागना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने बैंक का शटर और ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया। वारदात को अंजाम देने से पहले उन्होंने बैंक के बाहर लगे एक सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि दूसरा कैमरा अपने साथ ले गए। इसके अलावा, बैंक परिसर की बिजली आपूर्ति भी काट दी गई, ताकि उनकी गतिविधियां कैमरों में रिकॉर्ड न हो सकें।

इसी बीच बारात से लौट रहे कुछ लोगों की नजर बैंक के पास संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी। लोगों की आहट मिलते ही चोर घबराकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना गुरुवार सुबह मिलने के बाद एसडीपीओ विभाष कुमार और छातापुर थाना पुलिस की टीम बैंक पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और फरार बदमाशों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। राहत की बात यह रही कि चोर बैंक के अंदर प्रवेश करने में सफल नहीं हो सके, जिससे बैंक की नकदी और अन्य महत्वपूर्ण सामान पूरी तरह सुरक्षित बच गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story