सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण व विश्वकर्मा योजना के अटके ऋण काे त्वरित निपटाने का डीडीसी ने दिया निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण व विश्वकर्मा योजना के अटके ऋण काे त्वरित निपटाने का डीडीसी ने दिया निर्देश


कटिहार, 29 अक्टूबर (हि.स.)। समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देशानुसार बैंकिंग समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उप विकास आयुक्त (डीडीसी) डॉ. नेहा कुमारी की अध्यक्षता में संपन्न इस बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकीकरण योजना और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की बैंकवार प्रगति की गहन समीक्षा की गई। डीडीसी ने बैंकों में लंबित आवेदनों को तय समयसीमा में निपटाने और स्वीकृत ऋणों की राशि अविलंब लाभार्थियों को वितरित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

पीएमएफएमई: 261 के लक्ष्य में अब तक 93 ऋण स्वीकृत, 52 में हुआ वितरण

बैठक में प्रस्तुत समीक्षा प्रतिवेदन के अनुसार, कटिहार जिले में पीएमएफएमई योजना के तहत 261 ऋण स्वीकृति लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 93 ऋण स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, 168 ऋण वितरण के लक्ष्य के मुकाबले मात्र 52 मामलों में राशि वितरित हो पाई है। इसके अतिरिक्त, 449 इकाइयों के औपचारिकीकरण लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 71 इकाइयों का औपचारिकीकरण पूरा किया गया है। उप विकास आयुक्त ने लक्ष्य और उपलब्धि के बीच के अंतर को जल्द से जल्द पाटने के लिए बैंकर्स को प्रक्रिया तेज करने को कहा।

विश्वकर्मा योजना: प्रमुख बैंकों में लंबित मामलों की हुई पड़ताल

प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत ऋण स्वीकृति के बाद भी राशि का वितरण न होने और आवेदनों के लंबित रहने पर विशेष चर्चा की गई। बैठक में भारतीय स्टेट बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और केनरा बैंक में लंबित आवेदनों की स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई। संबंधित बैंक समन्वयकों को निर्देश दिया गया कि वे नियमानुसार लंबित मामलों का तुरंत निष्पादन करें, ताकि पारंपरिक कारीगरों और दस्तकारों को पूंजी की कमी न हो।

उद्योग केंद्र और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

डीडीसी डॉ. नेहा कुमारी ने कहा कि जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और पात्र लाभार्थियों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए बैंकों और जिला उद्योग केंद्र के बीच निरंतर संवाद व समन्वय जरूरी है।

बैठक में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक मितेश कुमार शांडिल्य, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक तथा उद्योग विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769018 Articles

Share this story