पीएमसीएच में अब एक साथ 2500 बेड पर मरीजों का आधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ होगा इलाज : मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
पीएमसीएच में अब एक साथ 2500 बेड पर मरीजों का आधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ होगा इलाज : मुख्यमंत्री


पटना, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (पीएमसीएच) पुनर्विकास योजना (फेज-1) के अंतर्गत नवनिर्मित अस्पताल भवन टावर-3 का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएमसीएच में अब एक साथ 2500 बेड पर मरीजों का आधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ इलाज होगा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को टावर-3 के भूतल पर कियोस्क एवं काउंटर के माध्यम से ओपीडी मरीजों के पंजीकरण की प्रक्रिया, अल्पाहार गृह की व्यवस्था तथा पीएमसीएच पुनर्विकास योजना के तहत अब तक पूर्ण कराए गए कार्यों और निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित टावर-3 के पांचवें तल पर पहुंचकर पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट वार्ड (पीकू) का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने प्रतीक्षालय, स्त्री रोग एवं प्रसूति आईसीयू, पीकू, नर्स स्टेशन, चिकित्सा कक्ष, उपचार कक्ष तथा प्रसवोत्तर वार्ड का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने टावर-3 के छठे तल पर स्थित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी)-22 का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शल्य चिकित्सा कक्षों, स्त्री रोग से संबंधित ऑपरेशन थिएटर तथा अन्य चिकित्सकीय इकाइयों में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रथम तल पर स्थित रेडियोलॉजी विभाग का भी जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए मरीजों के उपचार की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए। पीएमसीएच में अब एक साथ 2500 बेड पर मरीजों का आधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ इलाज होगा। पीएमसीएच में उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए ताकि अस्पताल परिसर में मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। सभी संबंधित अधिकारी नियमित रूप से अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। पीएमसीएच को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित करने हेतु पुनर्विकास योजना के शेष निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखें।

निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने टावर-3 के भूतल पर बाल मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने पीएमसीएच के चिकित्सकों एवं पदाधिकारियों के साथ सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक डॉ नवल किशोर चौधरी, बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक श्री सुब्रत कुमार सेन, पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के अधीक्षक डॉ राजीव कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, वरीय अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759647 Articles

Share this story