पीएम सूर्य घर योजना के तहत 25 हजार उपभोक्ताओं को राज्य अनुदान का डीबीटी से हस्तांतरण

WhatsApp Channel Join Now
पीएम सूर्य घर योजना के तहत 25 हजार उपभोक्ताओं को राज्य अनुदान का डीबीटी से हस्तांतरण


सुपौल, 22 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत बिहार सरकार की ओर से राज्य अनुदान की राशि का हस्तांतरण मंगलवार को डीबीटी के माध्यम से किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम, शास्त्रीनगर से आयोजित कार्यक्रम में 25 हजार उपभोक्ताओं के घरों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित होने के बाद अनुदान राशि का हस्तांतरण किया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में किया गया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने योजना के तहत लाभुक किरण भारती, पति सुशील कुमार से सोलर संयंत्र अधिष्ठापन से संबंधित संवाद भी किया। वहीं योजना में अग्रणी भूमिका निभाने वाली लाभुक कंचन पांडेय को जिलाधिकारी सावन कुमार ने उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सांसद दिलेश्वर कामैत, पिपरा विधायक रामविलास कामत, त्रिवेणीगंज विधायक सोनम रानी सरदार, जिलाधिकारी सावन कुमार सहित विद्युत विभाग के पदाधिकारी, अभियंता, कर्मचारी एवं योजना के अन्य लाभुक उपस्थित थे।

एक किलोवाट पर 10 हजार, दो किलोवाट पर 20 हजार का राज्य अनुदान

कार्यक्रम में बताया गया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत बिहार सरकार द्वारा एक किलोवाट के सौर ऊर्जा संयंत्र के अधिष्ठापन पर 10 हजार रुपये तथा दो किलोवाट एवं उससे अधिक क्षमता के संयंत्र के अधिष्ठापन पर 20 हजार रुपये का अतिरिक्त राज्य अनुदान दिया जा रहा है। यह राशि लाभुकों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जा रही है।

विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड, उपभोक्ता संख्या, मोबाइल नंबर, बैंक खाते का विवरण तथा छत के स्वामित्व से संबंधित प्रमाण पत्र की आवश्यकता है। छत स्वामित्व का प्रमाण पत्र स्व-अभिप्रमाणित भी किया जा सकता है। इच्छुक उपभोक्ता ऑनलाइन आवेदन कर योजना से जुड़ सकते हैं। लाभुकों को योजना के तहत बैंकों के माध्यम से 5.75 प्रतिशत की दर से उपलब्ध ऋण की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि एक किलोवाट के सौर ऊर्जा संयंत्र पर केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से कुल 40 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 80 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम 98 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है।

आवेदन एवं योजना से संबंधित प्रक्रिया के लिए पीएम सूर्य घर योजना के ऑनलाइन पोर्टल, प्ले स्टोर पर उपलब्ध बिहार ऐप तथा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा सकता है।

विद्युत विभाग के अनुसार, सुपौल जिले में अब तक 459 आवेदकों के घरों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र का अधिष्ठापन किया जा चुका है। इन संयंत्रों के माध्यम से लाभुक अपने घरेलू उपयोग के लिए बिजली का उत्पादन कर रहे हैं। वहीं प्राप्त अन्य आवेदनों पर पहले आओ, पहले पाओ की नीति के तहत अधिष्ठापन की प्रक्रिया जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत अनुदान राशि का प्रावधान 31 मार्च 2027 तक किया गया है। योजना को लेकर जिले में आम लोगों के बीच जागरूकता बढ़ रही है और अधिक से अधिक उपभोक्ता सौर ऊर्जा अपनाने के लिए इससे जुड़ रहे हैं।

कार्यक्रम में विद्युत कार्यपालक अभियंता आलोक कुमार रंजन, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल सुपौल, विद्युत कार्यपालक अभियंता धनंजय कुमार सिंह, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल राघोपुर, सहायक विद्युत अभियंता आशुतोष कुमार शर्मा सहित विद्युत विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story