पीएम सूर्य घर योजना को लेकर बीडीओ ने की तीन अलग-अलग बैठकें

WhatsApp Channel Join Now
पीएम सूर्य घर योजना को लेकर बीडीओ ने की तीन अलग-अलग बैठकें


सुपौल, 22 अगस्त (हि.स.)। जिले के छातापुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर स्थित ललित नारायण मिश्र सभा भवन में शनिवार को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर मनरेगा कर्मियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसके अलावा प्रखंड कृषि सभा भवन में उर्वरक विक्रेताओं तथा सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय, सुरपतगंज में प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक हुई।

तीनों बैठकों की अध्यक्षता बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने की। बैठक में बीडीओ ने मनरेगा कर्मियों, उर्वरक विक्रेताओं एवं प्रधानाध्यापकों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संबंधित कर्मियों से योजना का प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ दिलाने के लिए सोमवार को प्रखंड सभागार में लाभुकों को लाने की अपील की।

बीडीओ ने बताया कि इच्छुक आवेदक बिजली बिल, मोबाइल नंबर, बैंक खाते का विवरण एवं छत के स्वामित्व से संबंधित प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की सुविधा प्ले स्टोर पर उपलब्ध ‘सुविधा बिहार ऐप’ एवं पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के मोबाइल ऐप के माध्यम से भी उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत आवेदन करने वाले लाभुकों को बैंकों के माध्यम से 5.75 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण की सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं एक किलोवाट के सोलर प्लांट पर 40 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 80 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर प्लांट पर अधिकतम 98 हजार रुपये तक का अनुदान केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा दिया जाएगा।

बीडीओ ने बताया कि छातापुर प्रखंड में अब तक कुल 893 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 770 आवेदन स्वीकृत हो चुके हैं, जबकि 123 आवेदन वेंडर स्तर पर प्रस्तावित हैं। वहीं 11 घरों में सोलर प्लांट इंस्टॉल किया जा चुका है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story