पीएम सूर्य घर योजना से बिजली खर्च होगा कम, पर्यावरण संरक्षण को भी मिलेगा बढ़ावा : अमित कुमार

WhatsApp Channel Join Now
पीएम सूर्य घर योजना से बिजली खर्च होगा कम, पर्यावरण संरक्षण को भी मिलेगा बढ़ावा : अमित कुमार


सहरसा, 12 जुलाई (हि.स.)। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में घरेलू उपभोक्ताओं के बीच रूफटॉप सोलर लगाने के प्रति जागरूकता और रुचि लगातार बढ़ रही है। यह योजना स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ उपभोक्ताओं के बिजली खर्च को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।

विद्युत कार्यपालक अभियंता सहरसा ई.अमित कुमार ने बताया कि योजना के तहत पात्र घरेलू उपभोक्ता अपने घर की छत पर रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित कर केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार सब्सिडी का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

सोलर प्लांट से उत्पादित बिजली का उपयोग घर की दैनिक जरूरतों के लिए किया जा सकता है। यदि उत्पादन आवश्यकता से अधिक होता है, तो अतिरिक्त बिजली विद्युत ग्रिड में भेजी जा सकती है, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ भी प्राप्त होता है।

विभाग के अनुसार, रूफटॉप सोलर अपनाने से लंबे समय तक बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है। साथ ही यह पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम कर पर्यावरण संरक्षण, कार्बन उत्सर्जन में कमी तथा ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा देता है। यही कारण है कि जिले के अनेक उपभोक्ता इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कर रहे हैं।

बिजली विभाग ने सभी पात्र उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि योजना की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं ऑनलाइन है।

विभाग ने यह भी बताया कि योजना से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए उपभोक्ता अपने नजदीकी विद्युत कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

बिजली विभाग ने जिले के सभी पात्र उपभोक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि यह योजना न केवल बिजली बिल कम करने का प्रभावी माध्यम है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story